Wednesday, December 10, 2008

मोटर साइकिल सवार घायल

राजसमन्द। जिला मुख्यालय के रामेश्वर महादेव मंदिर के समीप बुधवार दिन में मोटर साइकिल बेकाबू होकर एक दीवार से भिड़ गई जिससे उस पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस के अनुसार कांकरोली निवासी प्रदीप सिंह बुधवार दिन में करीब साढ़े 12 बजे मोटर साइकिल से नाथद्वारा जा रहा था। रामेश्वर महादेव मंदिर के पास मोटर साइकिल बेकाबू होकर एक दीवार से भिड़ गई जिससे प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को आर.के. चिकित्सालय पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के लिए रेफर किया।

चोरी की नीयत से मकान में घुस रहे चोर की हुई धुनाई

राजसमन्द। जिले के देलवाड़ा कस्बे में चोरी की नीयत से मकान में घुस रहे एक व्यक्ति को लोगों ने धर दबोचा और उसकी धुनाई कर पुलिस के हवाले किया।पुलिस के सरडाया निवासी ओंकारनाथ पुत्र नारू लाल गमेती मंगलवार रात को एक मकान में चोरी करने की नीयत से घुस गया। इसी दौरान लोगों को आता देख वह वहां से भागने लगा। ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर उसका पीछा कर धर दबोचा और उसकी धुनाई कर पुलिस के हवाले किया। इधर कामलीघाट क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे मध्यप्रदेश के बजरंगपुरा निवासी संजू पंवार, अजीत पंवार और मुरली उर्फ पारस को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

मार्बल ब्लॉक के नीचे दबने से मजदूर घायल

राजसमंद। समीपवर्ती मोरचना में बुधवार को मार्बल स्लेब के नीचे दबने से दो श्रमिक घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उदयपुर रैफर किया गया। राजनगर पुलिस के अनुसार मोरचना स्थित स्नो वाईट मार्बल पर ट्रक में मार्बल स्लेब चढाते समय ट्रक के नीचे लगाई एंगल के हटने से ट्रक एक ओर झुक गया। इससे मार्बल स्लेब गिरने पर फरारा निवासी श्रमिक करण सिंह पुत्र अभय सिंह और दूधपुरा निवासी श्रमिक जगदीश सिंह घायल हो गया। दोनों घायलों को राजसमंद स्थित आर.के. राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया। उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर करण सिंह की उदयपुर रैफर कर दिया गया।

Tuesday, December 9, 2008

कपास फैक्ट्री में आग से लाखो रुपए का नुकसान

राजसमंद। जिले की सीमा पर भीलवाडा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में पोटला के समीप स्थित एक कपास फैक्ट्री में मंगलवार सायं आग से लाखों की कपास राख हो गई।पुलिस के अनुसार सायं करीब चार बजे केसरिया कॉटन फैक्ट्री में पिकअप वाहन से कपास उतारा जा रहा था। कपास खाली होने के बाद जैसे ही वाहन को स्टार्ट किया , उसमें अचानक हुई स्पार्किग से समीप रखी कपास में आग लग गई।जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर गंगापुर थानाधिकारी रामसिंह चौधरी, उपखंड अधिकारी रामशरण शर्मा तथा तहसीलदार संतोष कुमार गोयल मौके पर पहुंचे। राजसमंद नगर पालिका से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। भीलवाडा जिला मुख्यालय से भी दमकल वाहन आए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि तो नही हुई लेकिन लाखों की कपास खाक हो गई।

पूठोल में बालिका का क्षत विक्षत शव मिला

राजसमंद। समीपवर्ती पुठोल के जंगल में मंगलवार को एक बालिका का क्षत-विक्षत शव मिला। वह सोमवार से घर से लापता थी।राजनगर पुलिस के अनुसार मानसिक रूप से अस्वस्थ रेखा (12) पुत्री नवला गमेती सोमवार को घर से निकली थी।उसके वापस नहीं लौटने पर तलाश की गई लेकिन कहीं पता नहीं चला। मंगलवार शाम जंगल में उसका क्षत-विक्षत शव मिला । आशंका है कि बालिका पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया । पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आर.के.राजकीय चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया है। पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।

मुस्लिम सम्प्रदाय ने मनाया ईद का त्यौहार

राजसमंद। जिले में मंगलवार को ईद-उल-जुहा का त्योहार परम्परानुसार मनाया गया। मस्जिदों में हजारों मुसलमानों ने ईद की नमाज अदा कर एक-दूसरे के गले लग बधाई दी।घर लौट कर अल्लाह की राह में कुर्बानी की।मुस्लिम समुदाय के सैकडों लोग सुबह पठानवाडी मस्जिद पहुंचे।जहां से वे पेश इमाम मौलाना फरीद अहमद के साथ 9.05 बजे गारियावास रोड ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की ।कांकरोली में स्लूस रोड स्थित मस्जिद में भी ईद की नमाज हुई। नमाज के बाद देश में अमन और चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर लोगों ने अपने परिजनों की कब्रों पर लोबान व अगरबत्ती जला फूल चढाए। मुस्लिम समुदाय के लोग बस स्टैण्ड से सामूहिक रूप से नीलघर मोहल्ला, खाखलदेव चौक, सदर बाजार होते हुए ईदगाह पहंुचे, जहां नमाज अदा करने के बाद सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। लावासरदारगढ मनोहर सागर स्थित दरगाह पर मौलाना ने नमाज अदा करवाई। सदर मुश्ताक अहमद ने सभी से मोहब्बत और भाईचारा कायम रखने की अपील की। नगर में बच्चे, युवा व बुजुर्ग नए वस्त्र पहन शहर काजी के साथ जुलूस के रूप में ईदगाह पहुंचे। शहर काजी खलीलुर्रहमान ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई। इसके बाद सभी ने आपस में गले मिल एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। छीपों की मस्जिद में मौलाना मोहसीन रजा ने नमाज अदा कराई। इस अवसर पर ईद की बधाई देने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष इन्द्रमल कंसारा, पूर्व पालिका अध्यक्ष दामोदर लाल नराणिया, पार्षद राजेश मेवाडा, हंसराज कंसारा,भाजपा नगर अध्यक्ष अमरसिंह चौहान, पार्षद बबलु खां भी शामिल थे। बाद में मुस्लिम भाइया ने घर पहुंच बकरों की कुर्बानी दी। सुबह नौ बजे मुस्लिम समुदाय के लोग तकिया स्थित इमामबाडे पर एकत्रित हुए, जहां से जुलूस के रूप में चन्द्रभागा नदी तट ईदगाह पहंुचे। जहां मौलाना अब्दुल रजा ने नमाज अदा करवाई। यहां से सभी लोग कब्रिस्तान पहुंचे और अपने महरूमों की कब्र पर फूल व अगरबत्ती पेश कर दुआ मांगी । हजरत पीर शहीद गुलाबशाह बाबा की दरगाह पर भी इत्र, फूल, अगरबत्ती पेश कर अमन चैन के लिए दुआएं मांगी। इस अवसर पर मौलाना जुल्फीकार अली, कमरूद्दीन, हाफीज नबाबुल हसन, फकीर मोहम्मद छीपा, सदर फैय्याज मोहम्मद शेख, महामंत्री हाजी नन्ने खां मंसूरी सहित समुदाय के लोग बडी संख्या में उपस्थित थे।

Monday, December 8, 2008

राजसमन्द से भाजपा जीती मगर उसका जनाधार कम हो गया

विधानसभा चुनाव में राजसमन्द जिले में भाजपा का चार में से तीन सीटें पर कब्जा भले ही हो गया है लेकिन चुनाव विश्लेषकें का मानना है कि पिछले चुनाव के मुकाबले भाजपा का जनाधार तीन सीटें पर काफी कम रहा।चुनाव विश्लेषकें के मुताबिक वर्ष 2003 में राजसमन्द विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बंशीलाल खटीक ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बंशीलाल गहलोत को 26 हजार 945 वोटो से पराजित किया जबकि इस बार के चुनाव में भाजपा की किरण माहेश्वरी ने निकटतम प्रत्याशी हरिसिंह राठौड को मात्र पांच हजार 458 वोटें से हराया। पिछले चुनाव के मुकाबले किरण माहेश्वरी को 21 हजार 487 मत कम मिले। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष होने तथा अपने सांसद काल में अधिकांश समय राजसमन्द क्षेत्र के लोगें के मध्य गुजारने से यह माना जा रहा था कि राजनीति मे नए चेहरे कांगेस प्रत्याशी हरिसिंह राठौड को भारी मतें से पराजित करेगी लेकिन चुनाव से एन तीन-चार दिन पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जीत के प्रति ललक और किरण के राजसमन्द इत्तर प्रत्याशी होने से बड़ी जीत के मंसूबे धरे रह गए। भीम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी हरिसिंह रावत ने 2003 के चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मण सिंह रावत को 19 हजार 161 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में भी हरिसिंह और लक्ष्मण सिंह आमने सामने थे लेकिन हरिसिंह की जीत का अंतर मात्र 730 मतों पर आ गया। पिछले चुनाव के मुकाबले हरिसिंह रावत का क्षेत्र में जनाधार 18 हजार 431 मत कम हुआ है।कुम्भलगढ क्षेत्र में सुरेन्द्र सिंह राठौड ने वर्ष 2003 के चुनाव में कांग्रेस के निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के हीरालाल देवपुरा को 25 हजार 700 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में सुरेन्द्र सिंह राठौड कांग्रेस प्रत्याशी गणेश सिंह से चार हजार 174 मतें से पराजित हो गए। चुनाव विश्लेषकें के मुताबिक सुरेन्द्र सिंह राठौड का जनाधार 29 हजार 874 मत कम हुआ है। इसी प्रकार नाथद्वारा विधनासभा क्षेत्र में वर्ष 2003 में डॉ सीपी जोशी ने दस हजार पांच सौ मतों से निकटतम प्रत्याशी को हराया। इस बार कांग्रेस के भाजपा प्रत्याशी से मात्र एक वोट से हारे है।