Monday, February 2, 2009

हादसे में घायल पत्रकार की पत्नी और कार चालक को होश आया

राजसमन्द। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर केलवा के समीप शनिवार शाम को सडक़ हादसे में मृत पत्रकार के शव का रविवार दिन में पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस हादसे में घायल कार चालक व मृतक की पत्नी की हालत अब संतोषजनक है जबकि उसकी बेटी अचेतावस्था में है। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को केलवा के समीप हुए हादसे में मृत पत्रकार जवाहर खोदानी के परिजन रविवार दिन में यहां पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। इधर उदयपुर चिकित्सालय में भर्ती कार चालक गोविंद पाटिल व उषा को होश आ गया तथा उन्होंने पुलिस को बताया कि श्रीनाथजी के दर्शन के उपरांत वह अजमेर दरगाह और पुष्कर जा रहे थे। इधर खोदानी की पुत्री सिद्धि को अब तक होश नहीं आया है और उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया।

अल्प समय और कम दबाव से पेयजल आपूर्ति कुरजवासियों में रोष

राजसमन्द। समीपवर्ती कुरज गांव में पेयजल की समुचित आपूर्ति नहीं होने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। भाजपा नेता कैलाश गिरि गोस्वामी ने बताया कि जलदाय विभाग लम्बे अरसे से 72 घंटे में एक बार पानी की सप्लाई करीब 25 से 30 मिनट के लिए कर रहा है। गोस्वामी ने बताया कि उक्त समयावधि में पानी की सप्लाई कम दबाव से होने के कारण स्थानीय लोग पीने का पानी भी नहीं भर पा रहे है और उन्हें मजबूरन दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि जलदाय विभाग ने पेयजल आपूर्ति समुचित दबाव देना शुरू नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।

बीएन गल्र्स कॉलेज में मूमल 2009

राजसमन्द। बीएन गल्र्स कॉलेज राजसमन्द में दो दिवसीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम मूूमल 2009 का आयोजन सोमवार दो फरवरी से होगा। महाविद्यालय कार्यक्रम संयोजक सुश्री विनीता पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत प्रात: दस बजे मुख्य चिकित्साअधिकारी बीएल सिरोया के सान्निध्य में अंताक्षरी, विचित्र वेशभूषा, एकल गान, युगल गान, समूह गान, नाटक आदि कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्राचार्या डॉ माधवी राठोड ने बताया कि शाम पांच बजे के कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि राजसमन्द विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी एवं जिला कलक्टर ओंकारसिंह होंगे। इस अवसर पर माईम, मिमिक्री, एकल नृत्य, युगल नृत्य, समूह नृत्य एवं पुरस्कार वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित होंगे।

क्षतिग्रस्त सडक मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग

राजसमन्द। भाजपा राजसमन्द ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष रामलाल लौहार एवं भाणा ग्रामवासियों ने कांकरोली से तासोल वाया भाणा-लवाणा तक क्षतिग्रस्त सडक मार्ग का पुनर्निर्माण कराने की मांग की। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को भेजे ज्ञापन में बताया कि इस मार्ग पर बाघपुरा से लेकर भाणा गांव तक सउक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सडक पर जगह-जगह छोटे बडे खड्डे बन गए है जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है तथा आए दिन दुपहिया वाहन की दुर्घटनाएं भी हो रही है। भाजपा ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष रामलाल लौहार ने बताया कि कई जगहों पर सडक के किेनारे भी कट चुके है, जिससे आमने सामने आने वाले वाहनों को सडक से नीचे उतारने पर हादसे की आशंका बनी रहती है। लौहार ने विभाग से इस मार्ग का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही क्षेत्रीय विधायक श्रीमती किरण माहेश्वरी को भी एक ज्ञापन भेजकर ग्रामीणों की समस्या के प्रति ध्यान आकर्षित किया है।

जिला कलक्टर ने पोलियों की दवा पिलाई

राजसमन्द। जिला कलक्टर ओंकार सिंह ने रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के तहत कांकरोली के चौमुखा महादेव मंदिर के समीप पोलियो की नन्हें बालक को दवा पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सिंह ने इसके बाद कांकरोली बस स्टेण्ड पर ट्रांजिट बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई। इसी तरह संतोषी नगर गुडली में पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उन्होने रेलमगरा, कुंवारिया एवं कुरज के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। जहां जिला कलक्टर ने हॉस्पीटल की सफाई व्यवस्था एवं सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीएल सिरोया, जिला शिशु एवं स्वास्थ्य अधिकारी एम देवडा, डॉ सीएल डूंगरवाल, डॉ इकरामुद्दीन उपस्थित थे।

पालीवाल समाज का बसंतोत्सव चेयर रेस में कुसुम, स्पून रेस में दुर्गा प्रथम

राजसमन्द। पालीवाल समाज की ओर से मनाए जा रहे बसंतोत्सव के तहत रविवार को पुरूषों, महिलाओं, युवाओ युवतियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित की गई। पालवाल नवयुवक मंडल की युवती प्रमुख जयश्री पालीवाल ने बताया कि महिला व युवती वर्ग के लिए प्रतियोगिता पालीवाल मार्केट में आयोजित हुई जिसमें चेयर रेस में कुसुम महाकाली प्रथम, छाया पालीवाल द्वितीय, जलेबी रेस में मोलश्री पालीवाल, आशुतोष पालीवाल, स्लो साइकिल के सीनीयर वर्ग में लविश जोशी, लखन जोशी, जुनीयर वर्ग मेें धीरज पालीवाल, पराग पालीवाल, मेहन्दी प्रतियोगिता में जुनीयर वर्ग में पूजा पालीवाल, लक्ष्मी पालीवाल, सीनीयर वर्ग में पूजा पालीवाल, निष्ठा पालीवाल, रंगोली में लक्ष्मी पालीवाल, मधु पालीवाल, बोरी रेस में पूजा पालीवाल, हर्षित पालीवाल, स्पून रेस में दुर्गा पालीवाल, सरोज पालीवाल क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे। प्रतियेागिता के निर्णायक कृति सरूपरिया, रेखा सोनी थे। इसी तरह पोस्टर प्रतियोगिता में शिल्पी पालीवाल प्रथम व शुभम पालीवाल द्वितीय रहे।जिसके निर्णायक मुकेश सांचीहर थे।
युवक प्रमुख जगदीश पालीवाल ने बताया कि केरम प्रतियोगिता में एकल में हरिकान्त पालीवाल प्रथम, नंदलाल पालीवाल द्वितीय, युगल में संदीप-दीपक जोडी प्रथम, हेमन्त-विक्की की जोडी द्वितीय रही। शतरंज में विकास पालीवाल प्रथम रहे निर्णायक राधेश्याम पालीवाल, मुकेश पालीवाल थे। इसी प्रकार खेलकूद प्रतियोगिता के अन्तर्गत क्रिकेट के फाइनल के जुनीयर वर्ग में एनरॉल क्लब व जावद के मध्य रोमांचक मुकाबला हुआ जिसमें जावद ने जीत दर्ज की। सीनीयर वर्ग क्रिकेट मेें हरिओम मार्शल ने सुन्दरचा को हरया। फुटबाल का मैच बागोरा क्लब व हरिओम क्लब मार्शल के मध्य हुआ जिसमेें हरिओम मार्शल ने दो गोल से जीत दर्ज की।
पालीवाल मार्केट में पुरूष व महिला वर्ग की रस्सा कसी प्रतियोगिता के मुकाबले हुए जिसमें सैकडों दर्शक व समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

महाप्रज्ञ अध्यात्म जगत की महान विभूती : मुनि तत्वरूचि

राजसमन्द। मुनि तत्वरूचि ने कहा कि आचार्य महाप्रज्ञ अध्यात्म जगत की महान विभूती है। उनका चिंतन सर्वथा मौलिक, व्यावहारिक और व्यापह है। वे दार्शनिक संतो में अपना गरिमामय स्थान रखते है। उनकी उर्वर मेधा, प्रखर मनीषा से बौद्धिक वर्ग बहुत प्रभावित है। उक्त विचार मुनि ने रविवार को भिक्षु बोधि स्थल राजसमन्द में आचार्य महाप्रज्ञ के पट्टोत्सव दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होने कहा कि आचार्य महाप्रज्ञ तेरापंथ धर्मसंघ के दशवें अधिशास्ता है। उनमें आध्यात्मिकता और दार्शनिकता का समन्वय है। इसीलिए वे कुशल अनुशास्ता और संघ्श् के अधिनेता है। मुनि ने कहा धर्म जीवन शैली है और दर्शन जीवन की दृष्टि है। आचार्य महाप्रज्ञ की दृष्टि में अहिंसा और शांति की स्थापना भय और आतंक से नहीं प्रेम और करूणा से होगी। मुनि तत्व ने कहा कि आचार्य महाप्रज्ञ एक युग पुरूष और करूणा व प्रज्ञा के अवतार है। इस अवसर पर मुनि भवभूति, मुनि कोमल व मुनि विकास सहित तेरापंथ सभा की ओर से रमेश कुमार चपलोत, महेश कुमार लोढा, महिला मंडल की श्रीमती मंजू बडोला, कन्या मंडल की संयोजिका सुश्री स्वाति मादरेचा ने भी विचार व्यक्त किए।