Saturday, January 2, 2010

नन्हे-मुन्नों ने छोडी छाप

नाथद्वारा। नववर्ष के उपलक्ष्य में कस्बे के एक थिएटर में आयोजित 'क्या मस्ती क्या धूम' कार्यक्रम में शहर की नन्ही प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।
यंग लियो क्लब व जैन रॉयल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार देर शाम को शुरू हुए इस कार्यक्रम में जब अक्षिता खण्डेलवाल ने 'खाई के पान बनारस वाला' गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी तो दर्शकों ने खूब तालियां बजाई।
कार्यक्र्रम में सीनियर, जूनियर व समूह नृत्य की स्पर्द्धा का आयोजन हुआ। सीनियर वर्ग में प्रीति माली, क्षिति व्यास व मिनाक्षी पालीवाल, जूनियर वर्ग में लक्षिका सनाढ्य, विनी समेरिया व कनिष्का खण्डेलवाल क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय रही। समूह नृत्य में भवनिल व महारिया ग्रुप प्रथम, कमलेश चारण व मीना गोयल द्वितीय व बसंत शर्मा तथा सपना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष गीता शर्मा व अध्यक्ष रजनी लोधा ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में बम्पर विजेता रहे लक्की को क्रिस्टल टेक वाटर प्यूरिफाई मशीन, कंपनी के निदेशक पीयूष जैन के द्वारा प्रदान की गई। आयोजन में विमल तलेसरा, प्रकाश सामोता, विजेश सिसोदिया, विनोद बोहरा, दीपक जैन, दिनेश तलेसरा, ललित पोरवाल, शालू ढाबरिया, अशोक सोलंकी, महावीर कोठारी आदि का सहयोग रहा। संचालन नीना शर्मा ने किया।


खादी रईसों की पहचान

राजसमन्द। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की परिकल्पना ग्राम स्वरोजगार की रही है और सही मायने में खादी वस्त्र पहनना रईसों की पहचान है। हमें खादी ग्रामोद्योग को आज के वर्तमान परिपेक्ष्य में बढावा देना होगा। यह बात जिला कलक्टर औंकारसिंह ने कही। वे कांकरोली के विट्ठल विलास बाग में राजस्थान खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड व जिला उद्योग केन्द्र की ओर से शनिवार को शुरू हुए खादी तथा ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह मे बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक उद्योगों के लगातार बढने से पर्यावरण विषम हुआ है, जबकि खादी ग्रामोद्योग व हस्तशिल्प उद्योग स्वरोजगार का अच्छा स्त्रोत साबित हुए हैं। वहीं पर्यावरण संतुलन की दिशा में भी यह उद्योग कारगर है। वर्तमान में खादी में समय के साथ नवीन तकनीक का इस्तेमाल हुआ है, जिससे खादी के उत्पाद किसी भी अन्य उत्पादों की तुलना में कम नहीं है और खादी जनमानस में और अधिक लोकप्रिय हुई है। कार्यक्रम को कांग्रेस नेता देवकीनंदन गुर्जर व मेवाड संभाग खादी ग्रामोद्योग परिषद के पूर्व संयोजक जीतमल कच्छारा ने भी सम्बोधित किया। सहायक उपनिदेशक खादी मूलसिंह रावत ने आयोजित प्रदर्शनी तथा मेले में भाग ले रही विभिन्न संस्थाओं एवं उनके उत्पादों, राज्य सरकार द्वारा खादी पर दी जा रही छूट से सम्बन्घित जानकारी दी।
ये हैं उत्पाद मेला प्रभारी नरेश सुराणा ने बताया कि खादी मेले में ऊनी सूती खादी में 15-30 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है। मेले में आचार, मुरब्बा, ऊनी व सूती खादी के वस्त्र, कम्बल, मूंग के पापड, ग्रामोद्योग फर्नीचर के अलावा विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन भी उपलब्ध है। मेला 11 जनवरी तक चलेगा।
मोली बंधन खोल किया उद्घाटनमेले का जिला कलक्टर व उद्योग प्रसार अघिकारी सुरेश गुप्ता आदि अतिथियों ने मोली बन्धन खोल कर उद्घाटन किया। अतिथियों ने महात्मा गांधी की छवि पर सूती की माला पहनाई। इस दौरान मेले में आए विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिघि व नागरिक उपस्थित थे।

आग लागी, पाणी लाओ'

राजसमंद पाणी लाओ..., कोई बचाओ...।' कोई हाथों में खाली बर्तन लिए कांटों के बीच हैण्डपंप की ओर नंगे पैर भागे जा रहा था तो कोई घर से बाल्टी, मटके लिए दौडा चला आ रहा था। क्या बालक, क्या वृद्ध, हर कोई बस रूंआसा होकर 'बैरी आग से बचाने' का आग्रह कर रहा था। कुछ ऎसा ही दृश्य था रेलमगरा थाना क्षेत्र के चराणा गांव का।
दोपहर 2.30 बजेबीती रात को चार स्थानों पर लगी आग के बाद लोग एक-दूसरे से चर्चा कर भावी आग पर काबू पाने की राय-मशविरा कर ही रहे थे कि दोपहर करीब ढाई बजे पूरे गांव में स्थिति इसके ठीक विपरीत हो गई। गांव के दूसरे छोर की ओर से एक आवाज गूंजी '...अरे 'लाए' लागी रे..., पाणी लाओ...।' इसके साथ ही करीब तीस-पैंतीस फीट ऊंचाई तक आग की लपटें नजर आने लगीं, जो जहां बैठा-खडा था, वहीं से घटना स्थल की ओर दौड पडा। बिना किसी से कुछ भी पूछताछ किए, हर हाथ-हर व्यक्ति आग पर काबू पाने में जुट गया।
आग ने बदला निशानाचराणा गांव में अब तक आग की 22 घटनाएं सुखवाल समाज के पाण्ड्या गौत्र विशेष में होने के कारण लोग भयग्रस्त थे ही, लेकिन शनिवार को इस आग से मजदूर मदननाथ योगी की घास जल गई । यह पहला मौका था जब हर किसी की जुबां पर चर्चा का नया विषय बन गया।
धुंए का गुबार और राख का ढेरआबादी क्षेत्र के पास खुले खेत में बने बाडे में दोपहर 2.26 बजे आग लगी। अगले आठ मिनट के दौरान करीब 2500 वर्ग फीट दायरे में फैले बाडे में रखा करीब चालीस हजार रूपए मूल्य का चारा जल गया। आग लगने की पहली आवाज के साथ ही ग्रामीणों ने दरीबा स्थित हिंद जिंक इकाई की दमकल, रेलमगरा थाना व तहसीलदार आदि को सूचित कर दिया। दमकल पहुंचने से पहले कुछ बचा तो सिर्फ धुंए का गुबार और राख का ढेर।

शीतलहर का कहर

राजसमंद। बर्फीली हवाएं, धुंध, बादल और रूठी धूप। जिले में पिछले दो दिनों से अचानक चमकी सर्दी ने लोगों को गलन का एहसास करवा दिया। हाड कंपा देने वाली सर्दी का असर शनिवार को भी जारी रहा जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। सर्द हवाओं ने आम जनजीवन प्रभावित कर दिया। शहर के बाशिंदे व ग्रामीण भी दिन में धूप तलाश करते रहे। बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को शीतलहर का एहसास हुआ। ठंडी हवाएं चलने से लोग घरों में दुबके रहे। बाजारों में गर्म-ऊनी वस्त्रों की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड रही।
ठिठुरन व तेज सर्दी के चलते स्कूली बच्चों को भी सुबह के समय परेशानी हुई। सर्दी के तीखे हुए तेवर से बचाव के लिए लोगों ने जहां गर्म कपडों का सहारा लिया। वहीं शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने जगह-जगह अलाव जला ठण्ड दूर भगाने की कोशिशें करते रहे। दुपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हुई और वो भी कपडों में लिपट कर ही बाहर निकल पाए। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
गर्म चीजों का लुत्फबदले मौसम में और तेज सर्दी के चलते लोगों ने ठण्ड को दूर भगाने के लिए गर्म व्यंजनों का आनंद लिया। कांकरोली बस स्टैण्ड, जलचक्की व राजनगर स्थित चाय व पकौडी के ठे लों पर भी दिनभर अच्छी खासी ग्राहकी रही। लोगों ने कचोरी, समोसे, मिर्ची बडे व पकौडी के साथ गर्म-गर्म चाय पीने का लुत्फ लिया।
सडकों पर सन्नाटाहाड कंपा देने वाली सर्दी के चलते शाम होते ही सडकों पर भी आवाजाही कम हो गई। बस स्टैण्ड सहित सार्वजनिक स्थलों पर रोजाना की अपेक्षा भीड बहुत कम रही। सडकों पर दुपहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी कम देेखी गई।
जगह-जगह अलावसर्दी के कारण लोगों ने घरों, दुकानों और सडकों व गलियों में अलावताप कर गलन कम की।
शाम होते ही छाया अंधेरादोपहर को कुछ देर धूप निकली, लेकिन अघिकांश समय आसमान में बादल छाए रहने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा गया। अपराह्न तीन-साढे तीन बजे से ही शाम का सा एहसास होने लगा और शाम चार-साढे चार बजे से ही हल्का अंधेरा छाने लगा जिससे लाइटें जलाना पडीं।

Friday, January 1, 2010

आमेट मित्र मंडल का रजत जयंती सम्मेलन उल्लास से मनाया

आमेट मित्र मंडल, मुंबई का २६वां स्नेह सम्मेलन ग्रीन हिल रिसोर्ट में उल्लास से संपन्न हुआ। मुंबई व आसपास बसे आमेट निवासियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। मंगलाचरण से साधारण सभा आरंभ हुई । सभा में आमेट से आए विशिष्ट अतिथियों, मंडल के पूर्व अध्यक्ष व मंत्रियों सहित तपस्वियों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। नवरतन दुग्गड़ का मासखमण पर विशेष सम्मान हुआ । गत वर्ष में आचार्य महाप्रज्ञ द्वारा सम्मानित कल्याण मित्र अ.भा तेयुप कोषाध्यक्ष सलिल लोढ़ा, मुंबई महिला मंडल अध्यक्ष कल्याण मित्र मधु कच्छारा एवं अर्जुन बाफना को अणुव्रत समिति मुंबई का अध्यक्ष एवं निर्मला चंडालिया व सुधा सियाल को आंचलिक संयोजिका बनने पर सम्मानित किया। प्रयोजकों सोहनलाल डांगी परिवार व बाबूलाल डांगी का भी सम्मान हुआ। सलिल लोढ़ा ने दो सालों के कार्यां का विवरण प्रस्तुत किया। महिला मंडल अध्यक्षा नयना बंब व मंत्री मधु कच्छारा ने भी विचार रखे। इसके बाद आमेट मित्र मंडल के चुनाव हुए। जिसमें सर्वसम्मति से सलिल लोढ़ा को अध्यक्ष मनोनीत किया। महिला मंडल अध्यक्षा पुष्पा गेलड़ा बनीं । समारोह में आमेट में भोजनशाला निर्माण की घोषणा की गई। इसमें रोशनलाल लोढ़ा एवं शांतिलाल हिरण ने सहयोग की घोषणा की। रुढी उन्मूलन पर भी चर्चा हुई। जिसमें विवाह पत्रिका कूरियर से भेजने, विवाह में शगुन के रुप में ११ रुपए लेने व शोकसभा दोपहर में रखने पर विचार कर निर्णय लिये गये। सत्र का संचालन चिमन सिंघवी व उत्तम लोढ़ा ने किया। साधारण सभा संचालन बाबूलाल बाफना ने किया। सम्मेलन के सफल समापन पर मंत्री निर्मल लोढ़ा ने आभार ज्ञापित किया। प्रकाश संचेती, जीवन सांखला का विशेष सहयोग रहा।

पंचायत चुनाव पर चर्चा

भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मण्डल की बैठक शुक्रवार को रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मण्डल अध्यक्ष गोपालकृष्ण पालीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी पंचायत चुनाव एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। पूर्व जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनाव को चुनौतीपूर्ण ढंग से लेते हुए कांगे्रस के कुशासन को जड़ से उखाड़ फैंके । उन्होंने बताया कि गहलोत सरकार के राज में महंगाई की मार तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था ने आम जनता को झकझौर दिया है। बैठक में विधायक किरण माहेश्वरी ने विगत दिनों राजसमंद में हुई गौ हत्या की कड़ी निंदा करते हुए बताया कि इस संवेदनहीन सरकार में आमजन तो क्या गौमाता भी असुरक्षित है। कांग्रेस एवं काल का संयोग है। दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई ने गरीब की रोटी को भी छीना है। कांग्रेस का हाथ गरीब के साथ वाला नारा जिसके दम पर कांग्रेस ने अनेक वर्ष तक शासन किया लेकिन यह नारा आज गरीब की गर्दन पर हाथ चरितार्थ हो रहा है। बैठक को निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष श्रीकृष्ण पालीवाल, देवीलाल प्रजापत, भानु पालीवाल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष सत्यनारायण पूर्बिया, लक्ष्मण सिंह, जवाहर जाट, सुरेश जोशी, जगदीश पालीवाल, महेश आचार्य, नर्बदाशंकर, सुरेश जोशी, धन सिंह राठौड़, छगन सिंह पंवार, भंवर लाल गोपीलाल भील, भगजी भील, दिनेश दाधीच, जगदीश बागोरा, गोविंद प्रजापत ने भी विचार व्यक्त किए।

Thursday, December 31, 2009

कहीं मस्ती-धूम, कहीं यज्ञ-हवन

नव वर्ष २०१० का स्वागत लोगों ने अपने-अपने अंदाज में किया। होटलों में मस्ती-धूम का आलम रहा, फार्म हाउसों पर शामें रंगीन हुई तो कई लोगों ने नव वर्ष मंगलमय हों, इसकी कामना में दीप प्रज्जवलित किये तथा यज्ञ-हवन किये ।होटलों में मस्ती भरी शाम में झूमते-थिरकते लोगों ने घड़ी की दोनों सुइयों के एकाकर होते ही वातावरण को हैप्पी न्यू ईयर से गूंजा दिया। इसी के साथ बिजली गुल व आसमान में आतिशी नजारे चौंधिया उठे ।विश्व के खूबसूरत शहरों में शुमार उदयपुर में थर्टी फस्र्ट पार्टी में लोगों ने खूब एन्जॉय किया। इस बार लेकसिटी में देशी-विदेशी सैलानियों की खासी तादाद रही । भारत भर व विदेशों से पर्यटक यहां थर्टी फस्र्ट मनाने आये है।थर्टी फस्र्ट सेलिब्रेशन के लिये शहर में होटलों व रेस्टोरेन्ट में विशेष तैयारियां की गई थी। होटलों में तरह-तरह के व्यंजनों व डीजे के साथ डांस फ्लोर पर लोग थिरके ।लेकसिटी की ग्रांड लक्ष्मी विलास पैलेस होटल में रॉयल मैरिज थीम पर आधारित थर्टी फस्र्ट पार्टी में लोग जमकर थिरके । यहां महिला पुरूष, युवक-युवतियों ने उत्साह से नव वर्ष का स्वागत किया। शहर की पांच सितारा होटलों में भी आयोजित पार्टी में रंगीन आतिशबाजी से नहाया आसमान नव वर्ष का अभिनंदन करता नजर आया। इसके अलावा शहर के निकटस्थ फार्म हाउस, बाडिय़ों में युवाओं की टोलियों ने नव वर्ष सेलीब्रेट किया।इधर मंशापूर्ण हनुमान जी मंदिर, बदनोर की हवेली में श्रद्धालुओं ने नव वर्ष २०१० को सुखमय होने की कामना के साथ दो हजार दस दीपक प्रज्जवलित किये तथा आरती कर साल के अच्छा गुजरने की कामना की।इधर चरक छात्रावास में आयुर्वेद छात्रों ने नव वर्ष के सुखमय व मंगलमय होने की कामना के साथ यज्ञ का आयोजन किया।१२ बजे बाद निकले 'माइकल'उदयपुर । थर्टी फस्र्ट की पार्टी में मदिरा के खूब दौर चले। शहर की गली मौहल्लों में दारू पीकर युवाओं की टोलियां १२ बजे बाद फिल्म धूम की तर्ज पर मोटरसाइकिल तेज गति से चलाते हुये निकले। ऐसे माइकल को पुलिसकर्मियों ने भी नहीं बक्शा । जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में उत्पात मचाते युवाओं को दौड़ाया ।शहर में आज ठण्ड का भी खासा असर रहा लेकिन न्यू ईयर सेलीब्रेशन में सम्मिलित युवाओं में इसका कोई प्रभाव नहीं था ।