Sunday, September 5, 2010

पिता की मृत्यु से पुत्र को लगा सदमा

कुंवारिया। समीपवर्ती झौर ग्राम पंचायत के चावण्ड मगरी गांव में एक सप्ताह पूर्व पिता की मृत्यु से पुत्र को इतना अघिक सदमा लगा की इकलौते पुत्र की मानसिक स्थिति तक बिगड गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चावण्ड मगरी गांव के 62 वर्षीय मगनीराम भील की एक सप्ताह पूर्व मृत्यु हो गई थी। उसकी मृत्यु के बाद उसका इकलौते पुत्र खेमराज भील अपना मानसिक संतुलन तक खो बैठा। हालत यह हो गई कि खेमराज भील अब बिस्तर से भी नहीं उठ पाता है।
खेमराज की मां सुन्दरदेवी (59) वर्ष का आधा शरीर काम नहीं करता है ऎसे में परिवार की हालत बद से बदतर हो गई है। इस परिवार में मां बेटे दो सदस्य ही है। परिवार में मां की शारीरिक हालत खराब तो बेटे की मानसिक हालत खराब, ऎसे मे इस परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का भी सकंट पैदा हो गया है।
पडोसी दे रहे हैं राशन
इस परिवार को वर्तमान में पडोसियों के द्वारा राशन सामग्री प्रदान करके सहायता पहुंचाई जा रही है।

मंदिर व मकान में चोरी

देलवाडा। कस्बे के बाइवा मोहल्ले में शनिवार रात चोरों ने एक मंदिर व मकान में सेंध लगाकर भगवान के आभूषण व पुजारित के गहनों के अलावा नकदी पार कर ली। जानकारी के अनुसार चोरों ने बाइवा मोहल्ले में एक मकान के परिसर में स्थित ठाकुरजी के मंदिर से भगवान का चांदी का छत्र, मुकुट व भक्तों द्वारा समर्पित चांदी के नारियल सहित करीब तीन सौ ग्राम चांदी के गहने चुरा लिए।
चोर मंदिर के पास ही रहने वाली पुजारिन के सूने मकान से कपडे, वृद्धावस्था पेंशन के करीब तीन हजार रूपए नकद आदि ले भागे। पुजारित अम्बा बाई वैष्णव घर पर नहीं थीं। वह ठाकुरजी का प्रसाद बांटने सरहाया गई हुई थीं तथा देर हो जाने से वहीं रूक गई थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुबह थाना अघिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे।
स्कूटी भी ले गएचोर मकान के अहाते में खडी स्कूटी भी ले भागे जो पेट्रोल खत्म होने पर मजेरा में छोड गए। स्कूटी के लिए चोरों ने घर के भीतर खडी दो बाइक से पेट्रोल निकाला। जाग होने की आशंका के चलते चोरों ने पुजारिन के दो पुत्रों के घरों को बाहर से बन्द कर दिया। बताया गया कि चोरों की भनक उन्हें लग गई थी, लेकिन दरवाजा बन्द होने के कारण बाहर नहीं निकल सके। बाद में उन्होंने मोबाइल से सूचना देकर दरवाजे खुलवाए।

Thursday, September 2, 2010

फर्जी हाजिरी से उठाए हजारों रुपए

गुजरात प्रवासियों के फर्जी जॉबकार्ड जारी कर 8 मस्टररोल में फर्जी हाजिरी से ग्राम सेवक तथा रोजगार सहायक द्वारा हजारों रुपए उठा लेने का मामला सामने आया है। मामला भीम पंचायत समिति की शेखावास पंचायत का है। जानकारी के अनुसार गुजरात की निरमा केमिकल प्राइवेट लिमिटेड में नौकरी करने वाले रामा एवं उसकी पत्नी सूरमादेवी के फर्जी जॉबकार्ड एवं हाजरी से शेखावास सचिव श्यामसुंदर मीणा व रोजगार सहायक मेदा काठात ने 18 हजार 753 का भुगतान उठा लिया। इधर, जानकारों का कहना है कि रामा तथा उसकी पत्नी पन्द्रह साल से गुजरात में ही रहते हैं। ये दोनों ही रोजगार सहायक के रिश्तेदार बताए जाते हैं। इधर, शेखावास पंचायत मुख्यालय पर महात्मा गांधी पुस्तकालय का टेलीविजन, पुस्तकें तथा अन्य सामग्री भी सचिव द्वारा निजी उपयोग में ली जा रही है। दोनों पर नरेगा में जॉबकार्ड जारी करते वक्त भी ग्रामीणों से चौथ वसूली करने के आरोप हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीपीएल परिवार के राशन कार्ड बनाते वक्त भी ...शेष & पेज १२प्रति परिवार से 75 रुपए की वसूली की गई थी। इस संबंध में शेखावास के नेहरु नवयुवक मंडल के सुरेश काठात, प्रवीण काठात आदि ग्रामीणों ने बार पंचायत की चौपाल में गत दिनों कलेक्टर ओंकारसिंह से भी शिकायत की थी। इस पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। विधायक की भी अनसुनी भीम विधायक हरिसिंह रावत ने गत दिनों कलेक्टर ओंकारसिंह को शेखावास पंचायत के ग्राम सचिव व रोजगार सहायक की मनमानी एवं फर्जी हाजरी से हजारों रुपए उठाने की शिकायत की थी। विधायक ने गुजरात में रहने वालों के नाम फर्जी जॉबकार्ड बनाने व हाजिरी से हजारों रुपए उठाने की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पंचायत समिति से लेकर जिला प्रशासन तक मिलीभगत का आरोप लगाया है।

दावे इतने, कहां मिल रहा गरीब को हक?

राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत देवगढ़ तथा भीम क्षेत्र में बीपीएल परिवारों के नाम स्वीकृत तीन दर्जन से अधिक मीटर ठेकेदार ने दूसरे उपभोक्ताओं को बेच दिए। शिकायत पर अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) व केजीपीएल कंपनी ने गत दिनों उक्त मीटर खोल भी लिए। नतीजतन, इन बीपीएल परिवारों को कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। मामला ग्रामसभा से लेकर पंचायत समिति की साधारण सभा व जिलास्तरीय बैठकों में भी उठा, लेकिन नतीजा सिफर रहा। जानकारी के अनुसार योजना के तहत देवगढ़ तथा भीम क्षेत्र में 12 हजार बीपीएल परिवारों को बिजली कनेक्शन जारी करने थे। इसके तहत निगम द्वारा लक्ष्य के मुताबिक मीटर ठेकेदार को दे दिए। इस दौरान मीटर लगाने वाले ठेकेदार से तीन दर्जन से अधिक बीपीएल परिवारों के मीटर एक से दो हजार रुपए में दूसरे लोगों को बेच दिए।

केसरियानाथ मंदिर से 8 मूरतियां चोरी

राजसमंद। कस्बे के केसरियानाथ मंदिर से बीती रात चोर आठ मूर्तियों समेत काफी नकदी चुरा ले गए। फिलहाल चोरों का सुराग नहीं लगा है। सूत्रों के अनुसार मंदिर में चोरी का पता सुबह चला।
आठ मूर्तियां तथा नकदी नदारद थी। पहले भी इसी मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है तथा पुलिस चोरों को अब तक सुराग नहीं लगा सकी। मंदिर में चोरी की दूसरी बार हुई घटना के बाद पुलिस भी सकते में हैं तथा तुरत-फुरत टीमें गठित कर चोरों की तलाश में जुट गई है।

विहिप का स्थापना दिवस मनाया

राजसमंद । विश्व हिन्दू परिषद् का स्थापना दिवस गुरूवार को आवरी माता मंदिर प्रांगण में मनाया गया। बैठक में भगवान कृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलन व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। अध्यक्षता विहिप नगर अध्यक्ष नरसिंह सनाढ्य ने की। मुख्य वक्ता जिला संरक्षक सुन्दरलाल लढ्ढा ने बताया कि हिन्दू समाज को संगठित करने, जागृत करने संस्कारित व सशक्त बनाने के लिए 1964 में कृष्ण जन्माष्टमी मुम्बई के संजीवनी आश्रम में पर परिषद की स्थापना की गई थी।
हिन्दू समाज को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मंच पर आने की आवश्यकता है। बैठक में उपाध्यक्ष हेमेन्द्र खत्री, कोषाध्यक्ष भगवतीप्रसाद व्यास, भगवतीलाल पालीवाल, नगर संयोजक कैलाश लड्ढा, नगर मंत्री महेश जोशी, भूरालाल खींची, दुर्गावाहिनी की संयुक्ता दीदी, दीपक सुथार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

मजाक बन गई 'सरपंच'

कुंभलगढ । कुंभलगढ की गवार ग्राम पंचायत में घूंघट की ओट में पहुंची सरपंच और उसके पद की गरिमा को सरकारी मुलाजिमों ने मजाक बनाकर रख दिया। मौका था ग्रामसभा में सामाजिक अंकेक्षण का। वहां पहुंचने वाले सरकारी अधिकारियों सहित सरपंच व खास जनप्रतिनिधियों के लिए कुर्सियां रखी गई थी लेकिन अधिकारियों ने सरपंच सहित तमाम जन प्रतिनिधियों को दरकिनार कर खुद कुर्सियों पर कब्जा कर लिया। यही नहीं, सरपंच सहित तमाम खास ओहदा रखने वाले जन प्रतिनिधियों को इन सरकारी मुलाजिमों ने सबसे पीछे की ओर अंतिम पंक्ति में जमीन पर बिठा दिया। हालांकि कोरम को पूरा मानकर सरपंच के बिना हस्तक्षेप के कार्रवाई पूरी कर ली गई।
निर्धारित समय पर प्रभारी अधिकारी डॉ. देवेन्द्र कुमार की मौजूदगी में ग्राम सभा शुरू हुई। हिस्सा लेने सरपंच मीरादेवी भी पहुंचीं। वह लोक-लिहाज के चलते घूंघट की ओट में पहुंचीं। ग्रामसभा में हिस्सा लेने उपसरपंच बिशनसिंह राजावत, ग्राम सचिव मनोहरसिंह, पटवारी राकेश मीणा, कृषि पर्यवेक्षक भगवंतसिंह, वनपाल अर्जुनलाल पुरोहित व रोजगार सहायक सुनीता आदि पहुंचे।

मेल नर्स अतुल वैष्णव ने ब्योरा पेश किया लेकिन सरकारी कार्मिकों का रवैया देखकर किसी ग्रामीण ने मुंह नहीं खोला। ये कार्मिक सबसे आगे बैठे थे व घूंघट में पहुंची सरपंच मीरा देवी, उपसरपंच राजावत सहित वार्डपंचों और ग्रामीणों को जमीन पर बिछाई गई जाजम पर पीछे बैठा दिया। राजावत ने बीपीएल व स्टेट बीपीएल को अब तक नए कार्ड जारी नहीं होने का मुद्दा उठाया। ग्राम सचिव मनोहरसिंह ने आश्वासन देकर बात को घुमा दिया। कुछ ग्रामीणों ने सांसद मद के कार्यो का चुकारा नहीं होने का मामला उठाया लेकिन बात अनसुनी कर दी गई।