Wednesday, January 10, 2018

रिश्वत लेते खाद्य निरीक्षक एवं पुलिस उपनिरीक्षक सहित 3 लोग गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने राजसमंद, बांसवाड़ा एवं झुंझुनूं जिले में खाद्य निरीक्षक एवं पुलिस उपनिरीक्षक सहित तीन लोगों को आज रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के महानिदेशक का बयान :
# ब्यूरो के महानिदेशक आलोक त्रिपाठी ने बताया कि ब्यूरो टीम ने राजसमंद जिले में कार्यरत खाद्य निरीक्षक श्रीराम मिश्रा को एक डेयरी पर कार्रवाई नहीं करने के बदले 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि श्री मिश्रा ने परिवादी कालू सिंह चौहान से पीपरडा चौराहा स्थित क्षेत्रपाल डेयरी पर कार्रवाई नहीं करने के एवज में ये रिश्वत मांगी थी।
# श्री त्रिपाठी ने बताया बांसवाड़ा के सदर थाना में कार्यरत पुलिस उपनिरीक्षक मोहन कुमार नीनामा को दस हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि श्री नीनामा ने परिवादी कांतिलाल भील मईड़ा तथा हवजी भील मईड़ा से विनोद कुमार मईड़ा एवं राखव मईड़ा को प्रोडक्शन वारंट नहीं लेने एवं चोरियों के मामले में आरोपी नहीं बनाने के एवज में 15000 रूपये की रिश्वत मांगी गई। उन्होंने बताया कि परिवादी की शिकायत पर ब्यूरो के डूंगरपुर उपाधीक्षक गुलाब सिंह के नेतृत्व में ब्यूरो टीम ने दोपहर में उपनिरीक्षक को 10,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
# इसी तरह झुंझूनूं जिले के मलसीसर उपखंड कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक संदीप कुमार को खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने के बदले 4500 रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। लिपिक ने परिवादी मोहम्म्द रफीक एवं मोहम्मद आदिल से परिवार के तीन राशनकार्ड के नाम खाद्य सुरक्षा योजना में जुड़वाने के लिए प्रत्येक राशनकार्ड के 1500 रूपये की रिश्वत मांगी थी।

Wednesday, September 2, 2015

-द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन के लिए जातरूओं का सैलाब

राजसमन्द, 2 सितम्बर। शहर सहित आसपास का समूचा क्षेत्र इन दिनों ‘जय बाबा री’  ‘म्हारो हेलो सुणोजी रामापीर ओ’ ‘घणी-घणी खम्मा ओ’ जैसे गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने वाले लगभग सभी रास्ते और यहां से केलवा जाने वाला पूरा मार्ग रामदेवरा जाने वाले जातरुओं से आबाद है।
रामदेवरा जाने के लिए यात्रियों का क्रम यों तो पिछले एक पखवाड़े से निरन्तर चल रहा है लेकिन भादवी बीज नजदीक आने के साथ ही इनकी चहल-पहल में भारी इजाफा हो गया है। रेलमगरा, मोही, कुंवारिया, नाथद्वारा सहित जिला मुख्यालय पर आने वाले लगभग तमाम मार्गो से वर्तमान में इन जातरुओं की बड़ी तादाद में शहर में आवक हो रही है। हजारों यात्री प्रतिदिन यहां होकर आगे बढ़ रहे है। इनमें पैदल, दुपहिया वाहन, साइकिल यात्री मुख्य रूप से शामिल है जबकि कई चारपहिया वाहनों में भी यात्री पहुंच रहे है। इनमें महिलाओं व बच्चों की संख्या भी काफी है। इसके अन्तर्गत चित्तौडग़ढ़ व प्रतापगढ़ जिलों के विभिन्न गांवों-कस्बों, भीलवाड़ा जिले के बेगूं-बिजौलिया, रावतभाटा क्षेत्र के अलावा सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश के नीमच, मन्दसौर, उज्जैन, रतलाम, जावरा तथा आगे इन्दौर तक के यात्रियों की भारी भीड़ आ रही है। उदयपुर जिला तथा इससे सटे गुजरात के विभिन्न प्रान्तों से भी बड़ी तादाद में जातरु रामदेवरा जा रहे है। खास बात यह कि इनमें कई यात्री अपने गांव से आठ सौ किलोमीटर से भी अधिक दूरी का सफर तय कर रामदेवरा पहुंचेंगे जिन्हें अपने घर से निकले कई दिन बीत गए है। यही नहीं इनमें कई यात्री नंगे पैर ही पैदल सफर तय कर रहे है और यह सब देख बाबा रामदेव के प्रति इनकी अगाध आस्था स्पष्ट झलकती है। 
द्वारकाधीश मंदिर में उमड़ा जातरूओं का सैलाब : राजसमन्द जिला मुख्यालय पर होकर निकलने वाले अधिकांश यात्री कांकरोली स्थित प्रभु द्वारकाधीश मंदिर में दर्शनार्थ पहुंच रहे है। बुधवार सुबह मंगला दर्शन में जातरूओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जातरूओं के उमडऩे से दैनिक मंगला दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं ने भी दर्शन व्यवस्था में सहयोग किया। रोजाना हजारों जातरु प्रभु के दर्शन के बाद ही गंतव्य के लिए प्रस्थान कर रहे है। इसके चलते कांकरोली शहर में मंदिर मार्ग के अलावा मुखर्जी चौराहा, जेके मोड़, चौपाटी, पुराना बस स्टेण्ड से लेकर राजनगर तक के रास्ते इन यात्रियों से पूरी तरह आबाद नजर आते है। सूर्योदय से लेकर देर रात्रि तक यही नजारे बने रहते है। इसके साथ ही कांकरोली स्थित गुप्तेश्वर महादेव, राजमार्ग स्थित रामेश्वर महादेव सहित मार्ग में आने वाले विभिन्न देवालयों में भी दिनभर दर्शन के लिए इन जातरुओं की चहल पहल रहती है। वाहनों तथा पैदल आवाजाही करते इन यात्रियों के जत्थे जय बाबा री, जय रामापीर की सहित बाबा रामदेव से जुड़े कई जयकारे लगाते हुए तो कई भक्त भजन गायन करते हुए निकलते है। मार्गो में इन जत्थों के जयकारों से प्रभावित कई अन्य लोग भी इनके साथ जैकारे लगाते रहते है। इससे पूरा माहौल धर्ममय बना रहता है। यात्रियों के अधिकांश दुपहिया वाहनों पर बाबा रामदेव के भजन गूंजते सुनाई देते है। 
श्रद्धालुओं ने जगह-जगह लगाए राम-रसोड़े : इन जातरुओं की सेवा-सुश्रुषा करने वाले बाबा के भक्तों की भी कहीं कोई कमी नहीं है। लगभग सभी मार्गो पर जगह-जगह रामरसोड़े चल रहे है। इनमें से कहीं शीतल पेयजल, चाय, केला आदि अल्पाहार की व्यवस्था चल रही है तो कई रामरसोड़ों में अल्पाहार और भोजन की व्यवस्थाएं मौजूद है। कई स्थानों पर रात्रि विश्राम के इंतजाम भी किए गए है। यही नहीं बीमार जातरुओं के लिए दवा आदि की व्यवस्था रामरसोड़ों में की गई है। खास बात यह कि रामरसोड़ों में कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ इन जातरुओं की सेवा में जुटे रहते है तथा यहां से गुजरने वाले यात्रियों की अल्पाहार, भोजन आदि के लिए मान-मनुहार करते नजर आते है। इनमें से अधिकांश रामरसोड़ों में रात्रि के समय भजन-कीर्तन का दौर चलता रहता है तथा यहां ठहरने वाले यात्री नाचते-गाते  आनंदित होते है।

Sunday, August 17, 2014

राजसमंद में जनसुनवाई के दृश्य






मुख्यमंत्री ने श्रीनाथजी के दर्शन किए



मुख्यमंत्री की केयर्न इंडिया व वेदांता गु्रप के साथ बैठक

मुख्यमंत्री की केयर्न इंडिया व वेदांता गु्रप के साथ बैठक

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की रविवार को केयर्न इंडिया और वेदांता गु्रप के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि केयर्न इंडिया और वेदांता द्वारा राज्य में चलाये जा रहे निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) प्रोजेक्ट्स की रूप रेखा राज्य सरकार के साथ मिलकर तय की जानी चाहिए। श्रीमती राजे ने कहा कि स्थानीय जनता के हितों के लिए चलाये जाने वाले ऐसे प्रोजेक्ट्स के बेहतर परिणाम तभी सामने आयेंगे। कम्पनी के अधिकारियों ने इस पर अपनी सहमति दी।
बैठक में मुख्य सचिव राजीव महर्षि, अतिरिक्त मुख्य सचिव इन्फ्रा सीएस राजन, वेदांता गु्रप के सीईओ टॉम एलबेन्स, केयर्न इंडिया के सीएफओ श्री सुधीर माथुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।