Monday, July 13, 2009

खनिज विभाग परिसर में पौधरोपण

राजसमन्द। आरके मार्बल द्वारा पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को खनिज विभाग राजसमंद के परिसर में नीम, अर्जुन, सप्तपर्णी, कचनार व चम्पा के पौधे रोपित किए गए।
पौधरोपण के कार्यक्रम में आरके मार्बल, मोरवड खान के प्रबंधक थोमस कुरियन व वरिष्ठ अधिकारी तपन शर्मा एवं खनिज अभियंता अनिल खमेसरा, राजीव चौधरी ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में सहायक अभियंता महेश शर्मा एवं खान विभाग के कर्मचारियों के अतिरिक्त आरके मार्बल के अन्य कर्मचारी नाहर सिंह, राकेश गोस्वामी ने पोधरोपण किया व ट्री गार्ड लगाकर उन्हें सुरक्षित किया। आरके मार्बल संस्थान की ओर से अब तक 20 हजार पौधे रोपित किए जा चुके है।

दीवार पर टंगी थमी हुई घड़ी मानो जिदंगी ठहर गई

राजसमन्द। राजस्थान साहित्यकार परिषद की गोष्ठी रविवार को बड़ारड़ा स्थित शिवशक्ति काठियावाड़ी हॉल में परिषद के अध्यक्ष हमीद शेख की अध्यक्षता में हुई।
गोष्ठी में कमर मेवाड़ी ने कथादेश पत्रिका में प्रणय कृष्ण द्वारा लिखित रचना फिरोज सयद आ रहे है वापस के माध्यम से साहित्यकार के संघर्षमय जीवन को पढ़कर सुनाया। माधव नागदा ने अपनी लघु कहानी खप्पचियां के माध्यम से उच्च वर्ग के वर्मा व श्रीवास्तव एक्सीडेंट को उत्सव में बदल देने जैसे भावों को व्यक्त किया। राधेश्याम सरावगी मसूदिया ने समकालिन परिवेश पर व्यंग्य करने वाली रचना जहां बिकती है रोटी कपड़ा पर कहा है सुनाकर श्रोताओं की दाद बटोरी। एमडी कनेरिया ने दीवार पर टंगी थमी हुई घड़ी अच्छी नहीं लगती जैसे अच्छा नहीं लगता किसी की जिंदगी का थम जाना के माध्यम से चलने का नाम ही जिंदगी है भावों को व्यक्त किया।
ईश्वर शर्मा ने अपनी रचना शराब और शिक्षा के माध्यम से शराब वही शाकी वही बार-बार बोतल बदलने से क्या होता है, शिक्षा क्या सुनाकर प्रश्न चिह्न खड़ा किया। अफजल जी अफजल ने गीत तुम्हारी कहानी में बांकपन है जिस तरह से सुनाई अपनी कहानी उस तरह न सुनाना मेरी कहानी सुनाकर गोष्ठी में रसमय रंग जमाया। जवान सिंह सिसोदिया ने अपनी लघुकथा जेब कट गई के माध्यम से आम आदमी के साथ पुलिस द्वारा होने वाला दर्ुव्यवहार को स्पष्ट किया। हमीद शेख ने अपनी गजल इक तबस्सुम जुल्मते गम में यूं उछाला जाय, दूर तक जिस्त की राहों में उजाला जाय सुनाकर भाव विभोर कर दिया। मनोहर सिंह आशिया ने सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों की भर्ती पर व्यंग्य करते हुए बालक की भर्ती परीक्षा देते मां-बाप सुनाया। नगेन्द्र मेहता ने समकालीन परिवेश को आगे शब्दों में पिरोते हुए नक्काल बना आदमी जेसे दोहे सुनाकर गदगद किया। भंवर बोस ने अपनी रचना झील को प्रणाम के माध्यम से राजसमंद झील के सौंदर्य को अभिव्यक्ति दी। संयोजन राधेश्याम सरावगी मसूदिया ने किया गया।

आनंद मार्ग अभ्युदय कार्यक्रम

राजसमन्द। आनंद मार्ग जिला शाखा राजसमंद के तत्वावधान में आध्यात्मिक पुन: जागरण अभ्युदय अभियान कार्यक्रम के तहत रविवार शाम चौमुखा महादेव परिसर कांकरोली में सत्संग आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत साधको एवं श्रध्दालुओं ने बाबा नाम केवलम कीर्तन के भाव में लीन हुए। केवल परमपुरूष का नाम ही एक मात्र सहारा है के भाव में सभी साधक खडे होकर दोनों हाथ उपर उठाकर परमपुरूष के प्रति पूर्ण समर्पण की भावना से कीर्तन की लय में खोकर आनंदित हो उठे। सामूहिक साधना के उपरांत उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए आचार्य गोपामयानंद अवधूत ने कहा आध्यात्मिक साधना के बल पर ही व्यक्ति मानवीय आदर्श के पथ पर चल सकता है। आदर्शहीन मनुष्य जीवन से पशु जीवन बेहतर है। हमें केवल आदर्श के लिए जीना होगा। आदर्श के लिए मरना होगा। केवल आध्यात्मिक साधक ही आदर्श युक्त मानवीय जीवन को आचरण द्वारा प्रस्तुत कर उदाहरण पेश कर सकते है। अवधूतिका आनंद मधुमया, आचार्य शुभ्रा एवं डॉ. विजय कुमार खिलनानी ने भी सभी को आध्यात्मिक पथ का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया।

पांचवे दिन भी जारी रही हड़ताल

राजसमन्द। उदयपुर हाइकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति के आह्वान पर राजसमंद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने संघर्ष समिति संयोजक रामचंद्र देवपुरा के नेतृत्व में पांचवे दिन भी धरना प्रदर्शन किया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष यशवंत कुमार शर्मा ने बताया कि संघर्ष के चलते हड़ताल के पांचवे दिन भी सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यो में हिस्सा न लेकर न्यायालयों में अपनी उपस्थिति नहीं दी। स्टाम्प विक्रेताओं, प्रलेख, लेखको ने भी हड़ताल को समर्थन दिया।
राजसमंद जिले में अधीनस्थ बार एसोसिएशनों नाथद्वारा, कुम्भलगढ़, आमेट, देवगढ़ एवं भीम के सदस्यों ने हड़ताल के पांचवे दिन न्यायिक कार्यो में भाग न लेकर न्यायालयों में उपस्थिति नहीं दी।

भारत विकास परिषद साधारण सभा की बैठक

राजसमन्द। भारत विकास परिषद राजसमंद की साधारण सभा की बैठक रविवार को जलचक्की स्थित वृंदावन वाटिका में आहूत हुई।
भाविप के सह सचिव कुशलेन्द्र दाधीच ने बताया कि बैठक का शुभारंभ भारतमाता व स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के समक्ष दीप प्रवलित कर व वंदे मातरम के गीत साथ हुआ। शाखा सचिव डॉ. कुसुम शर्मा ने परिषद द्वारा विगत तीन माह में करवाए गए सेवा कार्यो के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की। शाखा अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा कर्णावट की अध्यक्षता में आयोजित इस साधारण सभा की बैठक में वनवासी कल्याण परिषद द्वारा चलाए जा रहे एकल विद्यालयों के लिए आर्थिक सहायता के रूप में 11 हजार रुपए भेजने का निर्णय लिया।
ग्राम बस्ती विकास योजना के तहत पसूंद पंचायत समिति के तलई का गुढ़ा गांव की भील बस्ती का चयन किया गया। परिषद द्वारा इस बस्ती के स्वास्थ्य व शिक्षा के उन्नयन का प्रयास किया जाएगा। बस्ती के विद्यार्थियों को गणवेश व शिक्षण सामग्री वितरण करने का निर्णय लिया गया। बैठक में परिषद द्वारा संचालित कन्यादान योजना का प्रचार प्रसार करना, परिषद सदस्यों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए संकल्प पत्र भरना तथा अगस्त माह में विद्यालयों में समूह गान प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

Sunday, July 12, 2009

एम्बुलेंस-ट्रोले के बीच हुई भिडंत में सात की मृत्यु

सूरत ईलाज करा आगरा लौट रहे थे
राजसमन्द। जिले के भीम थानान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर गांगाजी का खेडा के समीप एम्बुलेन्स ट्रक को ओवर टेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रोले से जा भिडी जिससे एम्बुलेन्स में सवार एक महिला सहित सात व्यक्तियाें की मृत्यु हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार पंचेसरी आगरा (यूपी) निवासी गोलीराम (35) पुत्र रामस्वरूप, टिकमसिंह (36) पुत्र बद्रीप्रसाद त्यागी, बन्टू (20) पुत्र रामस्वरूप, रामबेटी (65) पत्नी रमस्वरूप, गोपीराम (30) पुत्र सोदानसिंह तथा एम्बुलेंस चालक पाण्डेसरा सूरत निवासी अनिल (32) पुत्र धीरज पंचाल तथा उसका साथी हरीश एम्बुलेंस में सूरत से आगरा जा रहे थे तभी गांगाजी का खेडा के समीप प्रात: सात बजे ट्रोले से हुई भिडंत में सभी साताें की मृत्यु हो गयी। बन्टू के पैर में फ्रेक्चर होने से सूरत से इलाज करा पुन: घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रोला चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकाें की शिनाख्त उनके कपडाें से मिले दस्तावेजाें के आधार पर की गयी है। मृतकाें के परिजनाें को सूचना कर दी गयी है उनके पहुंचने के बाद ही मृतकाें के बारे में सही जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
पुलिस ने शवाें को भीम मुर्दाघर में रखवाया है।

मत्स्याखेट के दो मामले दर्ज

राजसमन्द। पुलिस ने राजसमन्द झील से अवैध रूप से मछली का शिकार कर ले जा रहे दो व्यक्तियाें को गिरफ्तार कर उनसे 16 किलो मछली बरामद की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांकरोली पुलिस चौकी प्रभारी कर्णसिंह ने सेंगनवास निवासी प्रकाश पुत्र किशनलाल नायक से आठ किला तथा बाघपुरा खाखरमाला निवासी गणेश पुत्र तुलसीराम भील से भी आठ किलो मछली बरामद कर दोनो के विरूध्द मामला दर्ज किया।
केबल चोरी : राजनगर निवासी शाईन मोहम्मद सिलावट ने मामला दर्ज कराया कि उसकी धोलीखान स्थित मार्बल खदान से आठ फीट लम्बी डीपी की केबल काई चोरी कर ले गया।