Sunday, October 11, 2009

गुटखे का नकली पाउच बेचने का आरोप

नाथद्वारा। थाना क्षेत्र के फौज मोहल्ले में शुक्रवार शाम एक तम्बाकू कंपनी का नकली पाउच बेचने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कंपनी के प्रबन्ध निदेशक प्रकाश पुत्र शंकरलाल ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में देवल डूंगरपुर निवासी सुरेश पुत्र बदामीलाल जैन के विरूद्ध नामी कंपनी का नकली पाउच बेचने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

चोरों ने फिर दिखाए हाथ

राजसमंद। शहर में हौसला बुलंद चोर रोजाना पुलिस को मात दे रहे हैं। उप नगर धोईन्दा स्थित एक मकान में गुरूवार रात हुई एक लाख रूपए से अधिक की चोरी का मामला अभी खुला भी नहीं कि चोरों ने शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-8 स्थित एक सैनेट्री की दुकान से माल चुरा लिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने देर रात राजनगर निवासी राधाकृष्ण निष्कलंक की दुकान में चोरी को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे स्थित दरवाजे के पास की ईंटें तोड कर अंदर घुसे और कलर टीवी लेकर चम्पत हो गए। दुकान मालिक को सुबह घटना की जानकारी मिली। इस मामले में थाना पुलिस कोई प्रकरण दर्ज नहीं बता रही है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से चोरों की बढती गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाने और क्षेत्र में गश्त बढाने की मांग की है।

बीस साल 'खाया', अब अवैध बताया

राजसमंद। केलवा ग्राम पंचायत ने आबादी क्षेत्र में विधि विरूद्ध केबिन लगाने का दोषी ठहराते हुए 16 केबिन संचालकों को नोटिस दे कर तीन दिन के भीतर केबिन हटाने के आदेश दिए हैं। ग्राम पदेन सचिव हस्ताक्षरित इस नोटिस में इस कृत्य को अवैध बताया गया है। इस आदेश के कारण 16 परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
ध्यान रहे कि पंचायत ने इस भूमि पर केबिन लगाने के बदले में केबिन संचालकों से केबिन शुल्क और विकास शुल्क के नाम पर सालाना शुल्क वसूल किया। पंचायत की ओर से वहां स्थित कुल 31 में से केवल 16 लोगों के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है। इन लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से की गई यह कार्रवाई एकतरफा और द्वेषपूर्ण है।
कैसे चलेगी रोजी-रोटीक्ग्राम पंचायत ने जिन लोगों के केबिन हटाने के नोटिस जारी किए हैं, उनमें से अघिकतर लोग किराणा, बाल कटिंग, चाय की थडी, बल्ब-होल्डर आदि विद्युत उपकरणों की बिक्री जैसा छोटा-मोटा व्यवसाय करते हैं। तकरीबन सभी की उम्र चालीस के पार है, ऎसे में इस आदेश से उनके सामने मुश्किल खडी हो गई है।
कलक्टर को ज्ञापनपिछले दिनों पीडितों ने सरपंच और सचिव पर द्वेषतापूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने केवल 16 लोगों के खिलाफ कार्रवाई को गलत बताते हुए बीस वर्षो से की जा रही शुल्क वसूली की रसीदें भी कलक्टर को सौंप दी हैं। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पहले ही रोकतेपिछले वर्ष बस स्टैण्ड पर हुई आगजनी की घटना में एक दर्जन से अघिक केबिन जल कर राख हो गए थे। उस दौरान इन लोगों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से अनुमति लेकर फिर से केबिन लगाए थे। इसके बदले में ग्राम पंचायत प्रशासन ने सभी से राजी-राजी केबिन शुल्क भी वसूल किया था। पीडितों का कहना है कि अगर अवैध था तो उसी दौरान ग्राम पंचायत की ओर से अनुमति नहीं दी जाती तो अच्छा होता।

पांच बीघा चारा जला

कुंवारिया। समीपवर्ती खण्डेल चौराहा बगतपुरा रोड स्थित एक खेत में विद्युत के पोल पर चढी गिलहरी के कारण हुए फॉल्ट से गिरी चिंगारियों के कारण पांच बीघा क्षेत्र में उगा चारा जल कर राख हो गया।जानकारी के अनुसार बगतपुरा रोड स्थित अशोककुमार प्रजापत के खेत में रविवार सुबह करीब दस बजे विद्युत पोल पर एक गिलहरी चढ गई। उसकी उछलकूद से तारों में हलचल होने से फॉल्ट आ गया और हल्के धमाके के साथ चिंगारियां उठने लगीं। चिंगारियां नीचे आने पर सूखे चारे में आग लग गई और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरे बीडे को ही अपनी चपेट में ले लिया।
खेत से धुआं उठते देख भंवर बंजारा, भागचंद्र जाट, पूर्व सरपंच मांगीलाल जाट, हजारी कुम्हार, किशनलाल जाट व प्यारचंद्र कुमावत आदि काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच कर नीम व खाखरे की टहनियों के सहारे आग पर काबू करने में जुट गए। सूचना मिलते के बाद खण्डेल पुलिस चौकी प्रभारी शंकरलाल मीणा, रामेश्वर लाल जाट व कुंवारिया थाने से जगदीश आमेटा सहित पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इस दौरान चारा नहीं बचाया जा सका।
हर साल लगती है आगअशोककुमार के खेत में पहले भी इसी तरह की घटनाओं से आग लगने से बहुत नुकसान हो चुका है। रविवार को लगी आग इसी स्थान पर घटी तीसरी घटना है।
आगजनी के दौरान ग्रामीणों की एकजुटता के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। अगर आग फैलती तो आसपास के खेतों में रखा सूखा चारा व कडब आदि भी जलने का अंदेशा बना हुआ था।आग की चपेट में आने से भारी मात्रा में चारा जलने से खेत मालकिन घटू बाई का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
महिला ने कहा कि हर साल उसके खेत में ही कैसे आग लगती हैक् घर पर आठ पशु हैं, ऎसे में इस खेत का चारा ही पशुओं का सहारा था, वह भी जल कर राख हो गया। महिला ने बताया कि पशुओं को खिलाने के लिए अब उसके पास कुछ भी नहीं बचा है। महिला बीपीएल परिवार से जुडी हुई है और उसके परिवार में पशुपालन के अलावा आय का कोई भी साधन नहीं है।

एक लाख की नकली शराब जब्त

देलवाडा (राजसमंद)। पुलिस ने रविवार दोपहर मजेरा-बिलौता मार्ग पर पिकअप में भरी सौ कर्टन नकली शराब जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब पर गंगानगर शुगर मिल का लेबल लगा हुआ है।देलवाडा थानाधिकारी गिरिराज गर्ग ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वासुदेव भट्ट के निर्देशन में नकली शराब की धरपकड के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित टीम ने नाथद्वारा से मजेरा की ओर आ रही एक पिकअप रूकवाई। सामने पुलिस को देख ड्राइवर ने वाहन खेमली को ओर मोडते हुए उसकी रफ्तार बढा दी।
इस पर टीम ने पिकअप का पीछा किया और उसे मजेरा व बिलौता के बीच पकड लिया। जांच के दौरान वाहन में देसी मदिरा गुलाब के सौ कर्टन मिले। प्रत्येक कर्टन में 48 पव्वे मौजूद थे। पुलिस का दावा है कि बरामद की गई शराब नकली है। पुलिस ने गिरफ्तार भीम का खेडा थाना भीण्डर निवासी व पिकअप चालक माधूलाल पुत्र गुलाब गाडरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

गुलाबी सर्दी की दस्तक

राजसमंद। दीपावली पर्व के नजदीक आने के साथ ही मौसम बदलने लगा है और लोगों को गुलाबी सर्दी का एहसास होने लगा है। रविवार को राजसमंद और आस-पास के क्षेत्रों में रविवार सुबह से ही मौसम बदला-बदला सा रहा। तेज हवा के साथ काले बादल घिर आए।
हल्की हवा चलने और सूर्य के बादलों की ओट में छिपे रहने से वातावरण में हल्की सी ठंडक शुरू हो गई। इधर, खमनोर में कुछ पलों के लिए दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम का यह मिजाज शनिवार शाम से बनने लगा था। रात में हवा के साथ काले बादल घिर आए, लेकिन बरसे नहीं। रविवार सुबह से ही आसमान में बादलों की उमड-घुमड चलती रही जिससे दिन भर धूप नहीं खिली।
पिछले शनिवार-रविवार के बाद इस बार भी शनिवार-रविवार को मौसम सुहाना रहने का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। घने बादल छाए रहे। लोगों में यही चर्चा रही कि अब सर्दी का एहसास बढ जाएगा।
पीपली आचार्यान। कस्बे एवं आस-पास के गांवों में सूरज व बादलों में खेल चलता रहा। हवा चलने से जहां ग्रामीणों को सर्दी का एहसास हुआ, वहीं मौसम सुहाना बना रहा।

Friday, October 9, 2009

चारों ओर अवैध कब्जे

राजसमंद। समीपवर्ती आकोदडा गांव में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। अतिक्रमणकारी मौका ताड कर मंदिर की भूमि, आम रास्ता, गऊ माता से पथवारी की भूमि, बिला नाम व चरनोट भूमि सहित जहां भी संभव हुआ, कब्जे कर रहे हैं। यही नहीं, कुछ लोगों ने अतिक्रमण के बाद कच्चे-पक्के निर्माण कार्य भी शुरू कर दिए हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते अतिक्रमण करने वालों की बाढ सी आ गई है।
इससे गांव में अशांति का माहौल पैदा हो गया है। इस आशय का ज्ञापन शुक्रवार को आकोदडा के एक दर्जन से अघिक ग्रामीणों ने कार्यवाहक जिला कलक्टर टी.सी. बोहरा को सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि राजनीतिक रसूख और ऊंची पहुंच के दम पर लगातार अवैध कब्जे किए जा रहे हैं।
गांव के प्यारेलाल सेवक, जगदीश, मदनलाल, डालचंद, प्रभुलाल, भंवरलाल सहित अन्य ने बताया कि इन अतिक्रमणों को शीघ्र ही ध्वस्त नहीं किया जाता है तो आगामी दिनों में चरनोट, बिलानाम सरकारी भूमि ढूंढे से भी नहीं मिलेगी। यही नहीं, आम रास्ते की भूमि पर भी कब्जे कर निर्माण कराए जा रहे हैं।