Thursday, April 9, 2009

श्रध्दा एवं भाव-भक्ति से मनाई हनुमान जयंती

राजसमन्द। रामभक्त एवं अंजनी के लाल भगवान हनुमान की जन्म जयंती गुरूवार को समूचे जिले में भाव, भक्ति, श्रध्दा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। हनुमान मंदिराें को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया तथा महाबली बजरंग बली की प्रतिमा को विशेष श्रंगार धराया जाकर यज्ञ, हवन, सुन्दरकांड पाठ, अखण्ड रामायण-पारायण के पाठ हुए तथा रात्रि को भजनाें एवं भक्ति संगीत के आयोजन हुए। पवनसुत के दर्शनों के लिए हनुमान मंदिराें पर आज दिन भर श्रध्दालुआें का तांता लगा रहा।
कांकरोली नगर में नया बाजार स्थित इमली वाले हनुमान मंदिर पर गुरूवार प्रात: हवन यज्ञ का अनुष्ठान किया गया जिसमें बडी संख्या में श्रध्दालुआें ने भाग लिया। तदुपरांत सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ। दोपहर को शुभ मुहर्रत में मंदिर पर कलश एवं ध्वजारोहण किया गया। श्रध्दालुआें ने महाबली बजरंग बली की.. पवनसुत हनुमान के जयकाराें से वातावरण गुजायमान कर दिया। मंदिर के आस पास के क्षेत्र को चमकीली फर्रियाें एवं विद्युत रोशनी से जगमग किया गया।
कांकरोली मुख्य चौपाटी के समीप स्थित सुन्दरबालाजी पर भी हनुमान जयंती श्रध्दा भक्ति के साथ मनाई गई। विद्युत रोशनी की गई तथा विशेष पूजा-अर्चना की जाकर बजरंग बली की प्रतिमा का आंगी से विशेष श्रंगार किया गया। श्रध्दालुजनों ने पहुंच कर नारियल व प्रसाद भेंट कर दर्शन लाभ लिया। बस स्टेण्ड के समीप विराजित वीर हनुमान देवरी पर भी जयंती धूमधाम से मनाई गई। हवन आदि के अनुष्ठान किए गए। हनुमान जयंती को लेकर पवनसुत के मंदिराें पर आज दिन भर लाउड स्पीकर से हनुमान चालीसा एवं हनुमान गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहर के संतोषीनगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर पर पंडित गोपाल लाल पालीवाल ने हनुमान प्रतिमा को विशेष शृंगार धराया और पूजा अर्चना की। दिन भर श्रध्दालुओं का यहां तांता लगा रहा।

केलवा : कस्बे के समीप गांव मादडी देवस्थान में नर्बदेश्वर महादेव मंदिर एवं बजरंग बली मंदिर पर श्री हनुमद विग्रह की स्थापना एवं कलश, ध्वजा दण्ड एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का महन्त नारायण दास महाराज रोकडिया हनुमान के सान्निध्य एवं हजाराें ग्रामवासियाें की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। पंडित उमेश द्विवेदी एवं विद्वान पंडिताें द्वारा श्लोकाें से प्रतिष्ठा कराई गई। पूर्णाहुति के बाद महाप्रसादी का कार्यक्रम हुआ।
गाजे बाजे के साथ बन्दुकाें की सलामी के साथ जय बजरंग बली नाराें से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। पुष्प वर्षा की गई। गांव के महिला पुरूष सजधज के साथ गुरूवार मध्यान्ह 12.17 पर प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर गांव को दुलहन की तरह सजाया गया। बुधवार सायं को गायक कलाकर जगदीश वैष्णव एण्ड पार्टी ने गुमादे गुमादे मारा बालाजी घूमर-घूमर गोटो.. शिवजी रो मनडो म्यों भीलडी रंगीली.. सहित अनेक भजनाें से ग्रामीणाें का मन मोह लिया। श्री बजरंग बली मंदिर की मुख्य कलश की बोली रामसिंह चुण्डावत 61 हजार रुपए एवं कलश इनके परिवार वालों ने चढाया तथा ध्वजा शम्भुसिंह चुण्डावत मादडी की 51 हजार की बोली थी। महादेवजी मंदिर पर 31 हजार कलश की बोली भंवर प्रजापत तथा 24 हजार ध्वजा की बोली तखत सिंह चुण्डावत की थी। इस अवसर पर कालु, छगन, सोहनलाल श्रीमाली, जगदीश तेली, धर्मेश श्रीमाली, हरिसिंह, किशन तेली एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कुंवारिया : समीपवर्ती वगतपुरा चौराहा पर स्थित रोग हरा हनुमान मंदिर पर गुरुवार दिन में महंत जयरामदास के सान्निध्य में हनुमान प्रतिमा को विशेष शृंगार धरा कर पूजा अर्चना की गई। यहां कन्याओं को भोजन भी करवाया गया। शाम को विशेष आरती व आंगी धराई गई। इससे पहले बुधवार रात को जयरामदास महाराज के सान्निध्य में भजन गायकों ने प्रस्तुतियां दी। हनुमान जयंती पर कुंवारिया कस्बे के कन्या पाठशाला के समीप हनुमान मंदिर से बजरंग मण्डल के सान्निध्य में शोभायात्रा निकाली गई। ढोल नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा विभिन्न मार्गो से होती पुन: मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण जानकी तथा हनुमान की झांकी सजित की गई। कस्बे के छापरवाले हनुमान, नृसिंहद्वारा हनुमान, मूंदडा मंदिर, जोधपुरा माल वाले हनुमान मंदिर में हनुमान प्रतिमा को विशेष शृंगार धराया गया और पूजा अर्चना की।

No comments: