Wednesday, February 17, 2010

होटल में 'घरेलू गैस' जलाने वाले गिरफ्तार

राजसमंद। आवश्यक वस्तु अघिनियम का उल्लंघन कर घरेलू गैस सिलेण्डरों का होटल में व्यावसायिक उपयोग करने के दो आरोपियों को राजनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में रसद विभाग की ओर से करीब पन्द्रह दिन पूर्व राजनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी होटल शिवशक्ति काठियावाड के मालिक वेणीराम कुमावत व मैनेजर पर्वतसिंह की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया था। आखिरकार मंगलवार शाम को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया।
क्या था मामलाक्
शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर बडारडा स्थित होटल शिवशक्ति काठियावाड पर रसद विभाग ने मुखबिर की सूचना पर गत 15 जनवरी को छापा मारा। इस दौरान अनघिकृत रूप से उपयोग में लाए जा रहे पांच घरेलू सिलेण्डरों को जब्त किया गया व प्रतिष्ठान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अघिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। होटल में लंबे समय से घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरूपयोग को लेकर रसद विभाग को शिकायतें मिल रही थीं। टीम ने शाम पांच बजे बाद होटल पर छापा मारा। इस दौरान एक सिलेण्डर पर नोजल लगा पाया गया तथा शेष चार वहां रखे पाए गए। टीम ने सभी पांचों सिलेण्डर जब्त कर लिए और होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
उप निरीक्षक नंदकिशोर मीणा ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को शाम को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी वेणीराम व पर्वतसिंह को दोषी मानते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

No comments: