Sunday, February 22, 2009

महाशिवरात्रि पर विविध आयोजन

राजसमन्द। महाशिव रात्रि पर्व पर सोमवार को जिले के शिव मंदिरों पर विविध आयोजन होगे। जिला मुख्यालय पर चौमुखा महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, रामेश्वर महादव एवं फरारा ग्राम पंचायत के कुंतेश्वर महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर्व को लेकर रविवार देर रात तक साज सज्जा एवं डेकोरेशन किया जा रहा था। सोमवार को जिला मुख्यालय के उक्त सभी मंदिरो पर दर्शनार्थियों की काफी रेलमपेल रहेगी। दर्शर्नािर्थयों की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन ने तैयारियां की है। पुलिस एवं प्रशासन भी दर्शनार्थियों की व्यवस्था में लगा हुआ है।
श्री रामेश्वर महादेव प्रबन्ध कमेटी के तत्वावधान में सोमवार 23 फरवरी को रामेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ के विवाह की भव्य झांकी के दर्शन का आयोजन किया जाएगा। श्री रामेश्वर महादेव प्रबन्ध कमेटी के अध्यक्ष जगदीशचन्द्र लड्ढा ने बताया कि दर्शन सोमवार प्रात: 11 बजे से रात्रि 11 बजे तक रहेगे। भोलेनाथ की भव्य आरती सायं सात बजे की जाएगी। रात्रि साढे ग्यारह बजे से चार पारियों में इच्छुक शिव भक्तों द्वारा रूद्राभिषेक किए जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर मेें दर्शनो की विशेष व्यवस्था रहेगी व बालको के लिए झूले व मेलार्थियों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन की सशुल्क व्यवस्था की गई है। 24 फरवरी को सूर्योदय पर ध्वजारोहरण होगा। महामंत्री रामसहाय विजयवर्गीय ने बताया कि अपरान्ह चार बजे श्री रामायण प्रचार मंडल के सान्निध्य में सन्दरकाण्ड का सामूहिक पाठ का आयोजन किया जाएगा।
कैलाश मित्र मंडल : उपनगर धोइन्दा में महाशिवरात्रि के पर्व पर कैलाश मित्र मंडल के तत्वावधान में कैलाश चौराहा धोइन्दा पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जोधपुर के भजन गायक दिलीप गवैया एण्ड पार्टी अपनी प्रस्तुति देगी। भजन संध्या सोमवार रात आठ बजे से प्रारंभ होगी। इस अवसर पर कैलाश चौराहा पर विशेष विद्युत सज्जा एवं डेकोरेशन के साथ भोलेनाथ मंदिर को सजाया जा रहा है। विशेष श्रंगार कर झांकी सजाई जाएगी।
इधर दिवेर के बाघाना क्षेत्र के गौरीधाम पर भगवान शिव की विशेष झांकी सजाई जाएगी। सरपंच नारायण लाल जाट ने बताया कि महंत गिरिनारी महाराज भगवान शिव की पूजा करेंगे और यहां परम्परानुसार ध्वजा चढाई जाएगी। दिवेर के छापली स्थित उडेश्वर महादेव मंदिर में भी अभिषेक होंगे। देवगढ शहर के शिव मंदिर तथा जिले के पर्यटन स्थल आंजनेश्वर महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक, जलाभिषेक तथा दुग्धाभिषेक सहित पूजा के कार्यक्रम होंगे। लावासरदारगढ के समीप काबरी महादेव मंदिर में सोमवार को होने वाले आयोजन की तैयारियों मेें स्थानीय ग्रामीण एवं मंदिर प्रबंधन जुटा हुआ है।

No comments: