Monday, December 7, 2009

हर वार्ड में होंगे ढाई लाख के काम

राजसमंद। नगर पालिका को आखिर शहर की दुर्दशा पर तरस आ ही गया। सोमवार को स्थानीय नगर पालिका सभागार में पालिका निर्माण कमेटी की बैठक में शहर के हर वार्ड की सडकों और नालियों को सुधारने के लिए प्रत्येक पार्षद को अपने वार्ड में ढाई लाख रूपए तक के कार्य मरम्मत मद में कराने की स्वीकृति दी गई। साथ ही स्थानीय पी.डब्ल्यू.डी को शहर की सडकों को तुरंत दुरूस्त कराने अन्यथा पालिका को सौंपने का कडा विभागीय पत्र लिखा गया।
निर्माण कमेटी के सदर जय प्रकाश शर्मा की सदारत में हुई बैठक में विचार कर 70 पत्रावलियों में निर्माण स्वीकृति भी जारी की गई। बैठक में अध्यक्ष शर्मा ने पी.डब्ल्यू.डी. के रूख पर कडी आपत्ति दर्ज करते हुए बताया कि शहर की सडकों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
उन्होंने विभाग से तुंरत मार्गो की मरम्मत का कार्य शुरू कराने अन्यथा इन्हें पालिका को सुपुर्द करने की मांग का पत्र सक्षम अघिकारी को जारी करने को कहा। कांकरोली और धोइंदा की मुख्य सडक के साथ 50 फीट रोड के निर्माण का एस्टीमेट बनाकर अधूरे कार्य को पूरा करने पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही नौ चौकी पाल पर रिंग रोड तथा सब्जी मंडी के विस्तार पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नगर पालिका आयुक्त नारायण सिंह सांदू, पार्षद शकील मोहम्मद, नारायण लाल कुमावत, महेन्द्र बाफना, बालकृष्ण कुमावत, गिरिजा कच्छारा, गोपी देवी कुमावत, कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार तथा कई अन्य पालिका कर्मचारी मौजूद थे।
हर वार्ड में सडक एवं नालियों की मरम्मत के साथ अन्य छोटे-मोटे कार्य के लिए प्रत्येक वार्ड पार्षद को ढाई लाख रूपए तक के कार्य कराने की स्वीकृति जारी की गई है। पी.डब्ल्यू.डी. को भी शहर की सडकों की मरम्मत तुरंत कराने के लिए पत्र लिखा गया है। पालिका बोर्ड शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
जे.पी.शर्मा, अध्यक्ष, पालिका निर्माण समिति
पालिका चलाएगी अभियान
शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने, आवारा पशुओं की धरपकड तथा पॉलीथिन प्रयोग पर पाबंदी को लेकर नगर पालिका नौ दिसम्बर से अभियान चलाएगा। पालिकाध्यक्ष अशोक रांका ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
आमजन की शिकायत पर आवारा पशुओं को पकडे जाने के बाद उन्हें गोशाला भेजा जाएगा। आवारा कुत्तों को शहर से बाहर जंगलों में छोडा जाएगा। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन के प्रयोग से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ ही जीव जन्तुओं के लिए खतरा बना हुआ है। अत: इनके इस्तेमाल पर भी पाबंदी लगाई जाएगी।

No comments: