Sunday, December 20, 2009

रफ्तार ने रौंदा मां-बेटे को

राजसमंद। राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर रविवार को आर.के. चिकित्सालय के पास तिराहे पर पीपरडा की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रोले की चपेट में आने से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। ट्रोले के पिछले पहिये दोनों के सिर से होकर गुजरे। इससे दोनों ने घटना स्थल पर दम तोड दिया। गुस्साए गुर्जरगुडा के ग्रामीणों ने ट्रोले पर पथराव शुरू कर दिया। इससे ट्रोले के कांच टूट गए। उन्होंने रास्ता भी जाम कर दिया, लेकिन पुलिस ने समझाइश के बाद मार्ग खुलवाया।
जानकारी के अनुसार गुर्जरगुडा निवासी गोपीबाई (65) पत्नी किसना गुर्जर और उसका पुत्र भारमल (40) सुबह करीब साढे छह बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी बहन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही थी कि हादसे का शिकार हो गई। भारमल का सिर बुरी तरह बिखर गया।
जबकि उसकी मां गोपीबाई के सिर में गंभीर चोटें पहुंचीं, दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ट्रोला ड्राइवर मौके से भाग छूटा। पुलिस ने ट्रोला जब्त कर लिया। प्रार्थी रोशनलाल गुर्जर की रिपोर्ट पर पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव रखवाया
सूचना मिलने के बाद राजनगर थाने के उप निरीक्षक शक्तिसिंह व सहायक उप निरीक्षक भगवतीलाल दोनों शव को गाडी में रखवा कर आर.के. चिकित्सालय ले जाने लगे तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने शव गाडी से उतरवा दिया और वे कर तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक सी.पी. शर्मा और राजनगर वृत्त निरीक्षक निरंजन आल्हा भी मौके पर पहुंचे। उनके समझाने के बाद ग्रामीणों ने शव ले जाने दिया।
रात को हुई बहन की मृत्यु
गोपीबाई की बहन वणाई गांव में रहती थी। बीती रात को ही उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिलने पर वह सुबह जल्दी अपने पुत्र भारमल को लेकर वणाई गांव जा रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के बाद ट्रोले ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

No comments: