Sunday, November 22, 2009

15 दिन में चमकेगा शहर

राजसमंद। जनता का अगर थोडा सा सहयोग मिले तो अगले कुछ ही दिनों में शहर का जर्रा-जर्रा खूबसूरत नजर आएगा। सडकें, गलियां-कॉलोनियां, नालियां कांच की मानिंद चमकती हुई नजर आएंगी तो जगह-जगह कचरा फेंकने वालों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने लम्बी जद्दोजहद के बाद आखिर रविवार को सफाई अभियान की शुरूआत की। यही नहीं, स्वयं पालिका अध्यक्ष ने मौके पर खडे रह कर हर कर्मचारी और उसके काम पर नजर रखना शुरू कर दिया है।
राजस्थान पत्रिका ने पिछले दिनों 'हर इलाका जख्मी' व 'मैं कांकरोली..., कां से कहूं दुखडा' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर नगर पालिका प्रशासन का ध्यान शहर के हर कोने में व्याप्त दुविधाओं की ओर आकर्षित किया था। समाचार प्रकाशन के बाद पालिका प्रबंधन ने इस दिशा में योजना बनाना शुरू कर दिया था। जिला कलक्टर औंकारसिंह ने भी पत्रिका की खबरों को आधार बना कर पालिका पर सफाई कार्य शुरू करवाने के लिए दबाव बनाया। इन सब के बीच रविवार को पालिका ने इस कार्य की शुरूआत कर दी।
100 अस्थायीकर्मीपालिका ने फिलहाल अपने स्थायी कर्मचारियों को इस कार्य में नहीं लगाया है। अभियान के लिए सौ अस्थायी कर्मचारियों की भर्ती की गई है और पहले दिन वार्ड संख्या एक व दो में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया गया है। दोनों वार्डो में शाम तक सफाई कार्य पूरा कर दिया गया है। गलियों, नालियों और मोहल्लों में एक साथ सफाई होते देख क्षेत्रवासी भी दंग रह गए।
ट्रैक्टर, डम्पर पहुंचेविभिन्न स्थानों से सफाई के बाद एकत्र किया गया कूडा और नालियों से निकाला गया मलबा एकत्र करने के बाद इसे हाथोंहाथ नवोदय स्कूल के पीछे की ओर हाल ही में बनाए गए डम्पिंग यार्ड में ले जाकर फेका गया।
हर दिन दो वार्डपालिका अध्यक्ष अशोक रांका ने बताया कि पालिका ने हर दिन दो वार्डो की सफाई का लक्ष्य निर्घारित किया है। सभी तीसों वार्डो को पूरी तरह साफ-सुथरा रखने के लिए पंद्रह दिन तक अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक वार्ड में पांच सफाई कर्मचारी व एक सुपरवाइजर तैनात रहेगा। काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को तत्काल निलम्बित किया जाएगा। फिलहाल सफाई कार्य के लिए हर वार्ड में पचास अस्थायी कर्मचारी लगाए गए हैं और इन पर पालिका अध्यक्ष के अलावा पालिका के अभियंता भी निगरानी रख रहे हैं।
4 लाख की दरकारहाल ही में पालिका ने सफाई का विविरण-मसौदा तैयार कर जिला कलक्टर के समक्ष पेश किया। इस पर कलक्टर ने एक लाख रूपए की स्वीकृति दे दी, लेकिन तमाम वार्डो की सफाई के बाद पार्क-उद्यानों-मैदानों में भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए करीब चार लाख रूपए की दरकार है। इस राशि की स्वीकृति के लिए सोमवार को पालिका अध्यक्ष अशोक रांका के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जिला कलक्टर से मुलाकात करेगा। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि अब यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा व अभियान पूरा होने के बाद निगरानी भी रखी जाएगी।

No comments: