Monday, November 9, 2009

विद्युत निगम के पेंशनर परेशान

राजसमन्द। विद्युत निगम अधिकारियों की हठधर्मिता से विभाग के पेंशनधारी कर्मचारियों को महंगाई के इस दौर में आर्थिक नुकसान उठाते हुए दर-दर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विद्युत निगम पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की हठधर्मिता के चलते हजारों पेंशनधारी वृद्ध कर्मचारियों एवं उनके आश्रित विधवाओं को पेंशन का भुगतान नहीं हो रहा है। पेंशनरों को महीने में पेंशन पाने के लिए एक माह में कई चक्कर काटने पड़ते है। त्रिवेदी ने बताया कि निगम पेंशनरों की मासिक रकम बैंक खाते से उन्हें भुगतान करने के लिए पूर्व में लेखाधिकारी कार्यालय को पेंशनरों के खाता संख्या दो वर्ष पूर्व में भिजवा दिए गए लेकिन लेखाधिकारी कार्यालय की लालफीताशाही के कारण पेंशनरों की पेंशन बैंक में जमा नहीं हो रही है जिससे वृद्ध पेंशनर मासिक राशि प्राप्ति के लिए कार्यालय के चक्कर काटते नजर आते है। त्रिवेदी ने बताया कि अधिकारियों की हठधर्मिता के चलते पांच-छह माह पूर्व सेवानिवृत हो चुके कर्मचारियों एवं अधिकारियों को भी पेंशन व ग्रेज्यूटी का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। विभाग के लेखाधिकारी, सहायक लेखाधिकारी, लेखाकार उदयपुर से रोज आना-जाना करते है। वह भी समय पर नहीं आने की वजह से भुगतान व्यवस्था समय पर नहीं हो पाती है। त्रिवेदी ने प्रशासन एवं निगम से अधिकारियों को मुख्यालय पर रहने के लिए पाबंद करने की मांग की है।

No comments: